टीकमगढ़ । मध्य प्रदेश में सड़क और पुल निर्माण के जरिए गांवों को बेहतर आवागमन सुविधा से जोड़ने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन पलेरा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक पुल का निर्माण लंबे समय से अधूरा पड़ा है। पलेरा–बन्ने बुजुर्ग–दांतगोरा होते हुए देरी जाने वाले मार्ग पर दांतगोरा के पास स्थित पुल करीब एक साल से अधूरा पड़ा है।स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले वर्ष भारी बारिश के दौरान तेज जलप्रवाह के कारण यह पुल बह गया था। इसके बाद पुनर्निर्माण की जरूरत महसूस हुई, लेकिन लंबे समय बाद भी पुल का काम पूरा नहीं हो सका है।
पिछले साल हादसे में बाइक सवार की हुई थी मौत
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पिछले साल रक्षाबंधन के दौरान पुल के पास दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई थी। बताया गया कि पुल के पास पर्याप्त बैरियर नहीं होने के कारण हादसा हुआ।घटना के बाद टीकमगढ़ कलेक्टर सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण भी किया था। इसके बावजूद पुल का पुनर्निर्माण अब तक पूरा नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
बारिश में कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर
पुल का निर्माण पूरा नहीं होने का सबसे ज्यादा असर बरसात के मौसम में देखने को मिलता है। जलस्तर बढ़ने पर मार्ग से आवागमन प्रभावित हो जाता है। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ता है।इससे ग्रामीणों को समय और आर्थिक नुकसान के साथ-साथ रोजमर्रा के आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने लगाए बैरिकेड, चौकी की व्यवस्था
सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर बैरिकेड और एक चौकी की व्यवस्था की है। जलस्तर अधिक होने पर लोगों को पुल पार करने से रोकने का भी प्रयास किया जाता है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो।हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि स्थायी समाधान केवल पुल का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण पूरा होने से ही संभव है।
ग्रामीणों ने जल्द पुल निर्माण की मांग की
क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से पुल का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से आसपास के गांवों के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और बारिश के दौरान रास्ता बंद होने जैसी समस्या से राहत मिलेगी।ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में हो रही देरी की जिम्मेदारी तय करने और पुल को जल्द यातायात के लिए सुरक्षित बनाने की मांग भी उठाई है।