साल 2023 में होने वाले महिला फुटबॉल विश्वकप की मेजबानी करने की दौड़ से ब्राजील कोरोना वायरस के चलते हट गया है। इसका कारण यह है कि कोरोना वायरस महामारी के प्रभाव के कारण वह फीफा को जरूरी वित्तीय आश्वासन देने की स्थिति में नहीं है।
ब्राजील फुटबाल परिसंघ ने इसके साथ ही सोमवार को जारी बयान में कहा कि वह मेजबानी के दावे में कोलंबिया का समर्थन करेगा। तो वहीं दूसरी तरफ ब्रजील के हट जाने के बाद अब मेजबानी की दौड़ में कोलंबिया के अलावा अब जापान तथा ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड (संयुक्त मेजबान) रह गए हैं।
दक्षिण अमेरिकी महाद्वीप में इससे पहले कभी महिला विश्व कप का आयोजन नहीं किया गया। इस पर 25 जून को फैसला किए जाने की संभावना है। परिसंघ ने कहा कि राष्ट्रपति जैर बोलसोनारो के प्रशासन ने फीफा से कहा कि मौजूदा हालातों में वह वित्तीय गारंटी नहीं दे सकते। ब्राजील लेटिन अमेरिकी देशों में कोविड-19 से सर्वाधिक प्रभावित रहा है और यहां अभी तक 37,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।