1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. PM मोदी के ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर पन्ना में भाजपा के विविध कार्यक्रम, विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने किया नेतृत्व

PM मोदी के ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर पन्ना में भाजपा के विविध कार्यक्रम, विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने किया नेतृत्व

पन्ना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने के ऐतिहासिक अवसर पर भाजपा ने स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, प्रतिभा सम्मान और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए। विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया।

By: BS Yadav 
Updated:
PM मोदी के ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर पन्ना में भाजपा के विविध कार्यक्रम, विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने किया नेतृत्व

पन्ना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक अवसर पर पन्ना जिले में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दिनभर चले इन आयोजनों में पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रमों की शुरुआत छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह से हुई, जहां विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने जिले के उभरते खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने युवाओं से खेल और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

ad

ad

 

इसके बाद विधायक ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ धर्मसागर तालाब परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया और श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसी दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

बड़ी देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और देश की समृद्धि की कामना की गई। इस अवसर पर विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है और विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

कार्यक्रम के अगले चरण में विधायक ने संदीपनि सीएम राइज विद्यालय का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित भी किया।

विधायक ने वार्ड क्रमांक-6 से दीवार लेखन अभियान का शुभारंभ किया और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना और निःशुल्क राशन योजना के हितग्राहियों से मुलाकात कर योजनाओं के प्रभाव की जानकारी प्राप्त की। लाभार्थियों ने बताया कि इन योजनाओं ने उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया है।

दिनभर के कार्यक्रमों का समापन भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सहभोज के आयोजन के साथ हुआ। विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और विकसित भारत के निर्माण में हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...