ग्वालियर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर में आयोजित संभाग स्तरीय उन्नत कृषक संवाद सम्मेलन में किसानों को कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों से सीधे संवाद कर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया और कृषि क्षेत्र से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की।
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 49 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाली हाईटेक नर्सरी एवं फ्लोरीकल्चर गार्डन परियोजना का भूमिपूजन किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के प्रथम चरण के लिए राज्य सरकार ने 13 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इससे उद्यानिकी और फूलों की खेती को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में समन्वित कृषि प्रणाली एवं बहुस्तरीय कृषि पद्धति इकाई का भी लोकार्पण किया। इस पहल का उद्देश्य किसानों को आधुनिक और टिकाऊ कृषि तकनीकों से जोड़ना तथा उनकी आय में वृद्धि करना है।

कार्यक्रम के दौरान उद्यानिकी विभाग की पीएमएफएमई योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। साथ ही प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।
सम्मेलन के समापन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और किसानों से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ टिकाऊ खेती अपनाने की अपील की।