मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर मदिरापान की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आबकारी विभाग ने व्यापक अभियान चलाकर कई स्थानों पर कार्रवाई की। कलेक्टर श्रीमती ऊषा परमार के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी मुकेश कुमार मौर्य के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया।
आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने पन्ना शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की। जगात चौकी स्थित एक कोल्ड ड्रिंक्स एवं नमकीन की दुकान से तलाशी के दौरान लगभग 15 बल्क लीटर क्षमता की 23 बीयर की बोतलें बरामद की गईं। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद बायपास चौराहा स्थित एक किराना दुकान से 46 पाव देशी शराब जब्त की गई, जबकि छतरपुर मार्ग स्थित एक ढाबे से करीब 17 बल्क लीटर क्षमता की 26 बीयर की बोतलें बरामद की गईं। दोनों मामलों में संबंधित आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान बेनीसागर तालाब, मठया तालाब और दहलान ताल जैसे सार्वजनिक स्थलों पर मदिरापान करते पाए गए कई लोगों के विरुद्ध भी मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 36(ख) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
इस विशेष अभियान में आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय के साथ विभाग के आबकारी आरक्षक, नगर सैनिक और अन्य कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। विभाग ने आम नागरिकों से भी अवैध शराब की बिक्री या सेवन की जानकारी मिलने पर प्रशासन को सूचित करने की अपील की है।