1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. Bhopal: ‘यह बजट नरेंद्र मोदी की असफलता की इमारत है’ – कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी

Bhopal: ‘यह बजट नरेंद्र मोदी की असफलता की इमारत है’ – कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी

बजट को लेकर पन्ना में तीखी प्रतिक्रिया...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
Bhopal: ‘यह बजट नरेंद्र मोदी की असफलता की इमारत है’ – कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी

कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय बजट को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान खजुराहो जाते समय वे पन्ना में कुछ देर के लिए रुके, जहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतिगत विफलता का प्रतीक है।

मध्य प्रदेश के साथ कुठाराघात का आरोप

जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि बजट में राज्यों को मिलने वाले आवंटन में जिस तरह बदलाव किया गया है, उससे आने वाले पांच वर्षों में मध्य प्रदेश को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि “मध्य प्रदेश में 2 इंजन, 3 इंजन की सरकार की बात की जाती है, लेकिन हकीकत यह है कि सब इंजन फेल हो चुके हैं।”

महंगाई और अर्थव्यवस्था पर सवाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश को गुमराह किया है और उनकी आर्थिक नीतियां पूरी तरह विफल रही हैं। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ा है और हर आदमी महंगाई की मार झेल रहा है। उन्होंने कहा कि 2014 में जिन भावनाओं और वादों के साथ मोदी सरकार सत्ता में आई थी, बजट अब उनसे बिल्कुल उलट दिशा में जा रहा है।

शिक्षा बजट में 50% कटौती को बताया दुर्भाग्यपूर्ण

जीतू पटवारी ने शिक्षा क्षेत्र में कथित तौर पर 50 प्रतिशत बजट कटौती को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी देश का भविष्य होती है और देश किस दिशा में जाएगा, यह उसकी शिक्षा व्यवस्था पर निर्भर करता है। लगातार शिक्षा बजट में कटौती करके मजबूत भविष्य कैसे बनाया जा सकता है, यह सरकार को सोचना चाहिए।

युवाओं और छात्रों के साथ अन्याय का आरोप

उन्होंने कहा कि देश के युवा और छात्र पारदर्शिता के साथ रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नौकरियों में धांधली खत्म करने की मांग कर रहे हैं। लेकिन सरकार ने उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें “यूजीसी के नाम पर घुमा दिया” और आंदोलनों की स्थिति पैदा कर दी। पटवारी ने कहा कि आज बच्चे 12 साल बाद भी रोजगार मांगने को मजबूर हैं, जो सरकार की नाकामी को दर्शाता है।

‘यह बजट असफलता का प्रतीक’

अंत में जीतू पटवारी ने दोहराया कि यह बजट देश और मध्य प्रदेश दोनों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि “यह बजट विकास का नहीं, बल्कि नरेंद्र मोदी की असफलता की इमारत है,” जो आने वाले समय में देश के भविष्य पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...