कोरोना के बढते असर को देखते हुए भारत के मुख्य बैडमिंटन कोच पुलेला गोपीचंद का मानना है, कोरोना वायरस महामारी की वजह से टोक्यो ओलंपिक को स्थगित कर दिया जाना चाहिए। मीडिया से बातचीत के दौरान गोपीचंद ने कहा, ‘मुझे ओलंपिक के बारे में संदेह है। ऐसा नहीं है कि यह अभी दूर है। तैयारी अभी से ही शुरू होनी है। इसलिए आईओसी को अब सभी को फोन करके आराम करने के लिए कहना होगा।’
आगे उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि वर्तमान परिदृश्य में यह एक कठिन समय है। पूरी दुनिया को स्वास्थ्य और सुरक्षा की फिक्र है। इसलिए मुझे लगता है कि इस स्थिति को देखते हुए ओलंपिक को स्थगित कर दिया जाए तो बेहतर है।
बताते चले कि 24 जुलाई से 9 अगस्त तक टोक्यो ओलंपिक का आयोजन होना है। इससे पहले बुधवार को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक को तय समय पर शुरू होने की उम्मीद है लेकिन कोरोना का साया लगातार इस पर मंडरा रहा है।