भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज आज से शुरू हो रही है। सीरीज का पहला मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा और इसी के साथ पुरुष क्रिकेट में मार्च के बाद से पहली बार स्टेडियम में दर्शकों की वापसी होगी। हालांकि अभी सिर्फ 50 फीसदी दर्शकों को आने की ही मंजूरी मिली है।
ऑस्ट्रेलिया की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान एरॉन फिंच ने कहा है कि वह मैदान पर दर्शकों को देखने के लिए उत्साहित हैं।
फिंच ने कहा – ” आखिरी बार हमने ऑस्ट्रेलिया में जब दर्शकों के सामने क्रिकेट खेली थी उसे काफी समय हो गया। इसे मंजूरी देने के लिए काफी समय और मेहनत लगी है। अलग-अलग राज्यों में जनता के रहते हुए कोरोनावायरस को नियंत्रित करने में काफी समय लगा है। हम काफी उत्साहित हैं। हम जानते हैं कि यह कितना अच्छा माहौला होगा। ”
तीन मैचों की वनडे सीरीज के बाद तीन मैचों की टी-20 सीरीज भी खेली जाएगी। तीनों टी-20 भी इन्हीं दो मैदानों पर खेले जाएंगे। उसके बाद चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। पहले टेस्ट मैच की मेजबानी कर रहे एडिलेड ओवल में स्टेडियम की आधी तादाद यानी 27,000 दर्शकों को हर दिन आने की मंजूरी दी जाएगी।