भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉक्सिंग-डे टेस्ट खेला जा रहा है। आज दूसरे दिन के पहले सेशन खत्म होने तक भारत का स्कोर तीन विकेट पर 90 रहा। पैट कमिंस ने दोनों सेट बल्लेबाजों (शुभमन गिल और चेतेश्वर पुजारा) को आउट कर ऑस्ट्रेलिया की मैच में वापसी कराई। पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर 36 रन पर 1 विकेट था।
चेतेश्वर पुजारा 7 और अपना पहला टेस्ट खेल रहे शुभमन गिल 28 रनों पर नाबाद लौटे थे। दूसरे दिन के पहले सत्र में भारतीय बल्लेबाजों और मेजबान गेंदबाजों और फील्डरों के साथ किस्मत ने आंखमिचौली खेली। कुछ स्निक हुए, कुछ कैच छूटे और कुछ बहुत अच्छी गेंदों पर विकेट नहीं मिले।
पुजारा और गिल ने 61 रनों की साझेदारी की। गिल ने अपने पिछले दिन के स्कोर में 17 रन जोड़े। जबतक गिल अपना यादगार अर्धशतक पूरा कर पाते उससे पहले ही पैट कमिंस ने उन्हें विकेटकीपर टिम पेन के हाथों कैच कराकर भारत को दूसरा झटका दिया। गिल ने 65 गेंदों का सामना किया और आठ चौके चौके की मदद से 45 रन बनाए।
इसके बाद पुजारा भी आउट हो गए। पुजारा ने 70 गेंदों का सामना कर एक चौके की मदद से 17 रन बनाए। इसके बाद हनुमा विहारी और कप्तान रहाणे ने टीम को कोई और नुकसान नहीं होने दिया। दोनों ने संयम के साथ खेलते हुए चौथे विकेट के लिए 80 गेंदों पर 26 रन जोड़े हैं।
विहारी ने 40 गेंदों का सामना कर 13 रन बनाए हैं जबकि कप्तान रहाणे ने 42 गेंदों का सामना कर 10 रन जोड़े हैं। पहली पारी की तुलना में भारत अभी भी 105 रन पीछे है।