1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. निवाड़ी में शराब ठेकेदार और मुनीम पर हमला, मारपीट के बाद नकदी लूटने का आरोप

निवाड़ी में शराब ठेकेदार और मुनीम पर हमला, मारपीट के बाद नकदी लूटने का आरोप

निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर क्षेत्र में शराब ठेकेदार और उसके मुनीम के साथ मारपीट, वाहनों में तोड़फोड़ और करीब 1.98 लाख रुपये की नकदी लूटने का आरोप लगा है। पुलिस ने आठ नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

By: Nivedita 
Updated:
निवाड़ी में शराब ठेकेदार और मुनीम पर हमला, मारपीट के बाद नकदी लूटने का आरोप

निवाड़ी। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में शराब ठेकेदार और उसके मुनीम के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और नकदी लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आठ नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पैसे मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद

घटना पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र के मड़िया गांव की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, शराब दुकान का मुनीम हर्ष मिडक्या बोलेरो वाहन से दुकान का हिसाब और नकदी लेकर पृथ्वीपुर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में कुछ लोगों ने वाहन रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, पैसे देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और मुनीम के साथ मारपीट की गई।

ठेकेदार के पहुंचने पर बढ़ा विवाद

घटना की जानकारी मिलने पर शराब ठेकेदार राहुल राय और उनके साथी दीपू राय मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद अन्य लोग भी वहां आ गए और सभी ने मिलकर दोनों पक्षों के बीच विवाद के दौरान मारपीट की। पीड़ितों का आरोप है कि इस दौरान उनकी थार और बोलेरो वाहन में तोड़फोड़ की गई और बोलेरो में रखा करीब 1.98 लाख रुपये का कैश तथा वाहन लेकर आरोपी फरार हो गए।

 

घायलों का अस्पताल में इलाज

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को आरोपियों से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया गया। मुनीम हर्ष मिडक्या का इलाज पृथ्वीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल राहुल राय और दीपू राय को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पृथ्वीपुर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आठ नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

रिपोर्ट – देवेश गुप्ता

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...