जिले की आशा और उषा कार्यकर्ताओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर राजपूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन से मुलाकात की और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर विधानसभा में आवाज उठाने का आग्रह किया।
संगठन की प्रमुख अनीता नागर ने बताया कि प्रदेश सहित जिले की आशा-उषा कार्यकर्ता लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं। कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से बकाया राशि के तत्काल भुगतान, केंद्र सरकार द्वारा बढ़ाई गई प्रोत्साहन राशि का एरियर सहित भुगतान, प्रत्येक माह की 5 तारीख तक नियमित भुगतान सुनिश्चित करने और भुगतान की स्लिप उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इसके अलावा वार्षिक वेतन वृद्धि, एरियर भुगतान तथा दुर्घटना, घायल या मृत्यु की स्थिति में परिवार को आर्थिक सहायता देने की भी मांग शामिल है।
कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान पूर्व गृह मंत्री एवं विधायक बाला बच्चन ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे विधानसभा में इस मुद्दे को उठाकर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे।