1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. शिवपुरी के मंदिर में गंदगी फैलाने से आक्रोश, आरोपी हिरासत में; मानसिक स्थिति की जांच में जुटी पुलिस

शिवपुरी के मंदिर में गंदगी फैलाने से आक्रोश, आरोपी हिरासत में; मानसिक स्थिति की जांच में जुटी पुलिस

शिवपुरी के छितिपुर गांव स्थित एक मंदिर में इंसानी मल-मूत्र मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया है। परिजनों का दावा है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

By: Nivedita 
Updated:
शिवपुरी के मंदिर में गंदगी फैलाने से आक्रोश, आरोपी हिरासत में; मानसिक स्थिति की जांच में जुटी पुलिस

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र स्थित छितिपुर गांव में एक मंदिर परिसर में इंसानी मल-मूत्र फेंके जाने की घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर दिनारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी ने देखी गंदगी

मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश के अनुसार, वह मंदिर परिसर में बने कमरे में सो रहे थे। सुबह करीब साढ़े चार बजे उन्होंने गांव के निवासी सतीश जाटव को मंदिर की ओर से भागते हुए देखा। जब उन्होंने मंदिर के अंदर जाकर देखा तो माता मंदिर और भगवान शंकर के स्थान पर इंसानी मल-मूत्र पड़ा मिला। मंदिर के अन्य हिस्सों में भी गंदगी फैली हुई थी, जिससे ग्रामीणों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।

ग्रामीणों ने पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर पहुंचे और पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर गांव में तनाव का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।

 

आरोपी हिरासत में, परिजनों ने पुलिस वाहन रोकने का किया प्रयास

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी सतीश जाटव को हिरासत में ले लिया। जब पुलिस उसे वाहन से थाने ले जा रही थी, तब उसके परिजनों ने वाहन रोकने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गई।

मानसिक स्थिति की भी होगी जांच

दिनारा थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह कुशवाह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। संबंधित युवक को कस्टडी में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों का कहना है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है। पुलिस उसके मेडिकल दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

रिपोर्ट – कुलदीप गुप्ता

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...