वेस्टइंडीज के स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने लंका प्रीमियर लीग में 14 गेंदों पर अर्धशतक ठोक कोलंबो किंग्स को धमाकेदार जीत दिलाई। टी20 क्रिकेट में ये सबसे तेज पांचवां अर्धशतक है। रसेल की धुआंधार पारी के दम पर कोलंबो किंग्स ने गॉल ग्लेडिएटर्स को 34 रन से हरा दिया।
बारिश के कारण इस मैच को 5-5 ओवर का कर दिया गया था। गॉल ग्लेडिएटर्स के कप्तान शाहिद आफरीदी ने टॉस जीतकर कोलंबो किंग्स को पहले बल्लेबाजी के लिए न्योता दिया। कोलंबो की ओर से आंद्रे रसेल और थिकसिला डी सिल्वा ने पारी की शुरुआत की। डी सिल्वा खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए लेकिन रसेल ने 19 गेंदों पर नाबाद 65 रन की पारी खेल अपनी टीम का स्कोर 96 रन तक पहुंचाया।
रसेल ने अपनी इस ताबड़तोड़ पारी में 19 गेंदों पर 9 चौके और 4 छक्के लगाए। 97 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गॉल ग्लेडिएटर्स की टीम 5 ओवर में 2 विकेट पर 62 रन ही बना सकी। गॉल की ओर से ओपनर धनुष्का गुणातिलका ने 15 गेंदों पर 30 रन बनाए वहीं आफरीदी 12 रन बनाकर आउट हुए। आजम खान ने नाबाद 10 रन की पारी खेली।
इससे पहले विंडीज के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल, भारत के युवराज सिंह और अफगानिस्तान के ओपनर हजरतुल्लाह जजई 12 गेंदों पर पचासा जड़ चुके हैं। इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज मार्कस ट्रेस्कोथिक समरसेट भी 13 गेंदों पर ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।