बालाघाटः स्कूल की बाउंड्रीवाल के लिए आवंटित धनराशि में घोटाले का आरोप लगा है। बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर सरकार द्वारा स्कूलों में बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों दीं गई। लेकिन जवाबदारों द्वारा बाउंड्री वॉल निर्माण में अनदेखी कर शासन की राशि को स्वार्थ साधने में लगे हैं, जो बालाघाट जिले के ग्राम पंचायत पाथरी के प्राथमिक विद्यालय खुमरीटोला में देखा जा सकता है।
आरोप है कि स्कूल में बाउंड्री वॉल निर्माण में सरपंच सचिव एवं सब इंजीनियर द्वारा अनदेखी कर शासन की राशि को ठिकाने लगाने में जुटे हैं। बाउंड्री वॉल निर्माण में कॉलम आठ एम एम की सरिया में खड़ा किया गया है। साथ ही बिना बेस के बीम डाला जा रहा है। जिससे भविष्य में बाउंड्री वॉल के ढहने का खतरा बना हुआ है। कंक्रीट के मिश्रण में सीमेंट की मात्रा भी मानक अनुपात से कम रखी जा रही है, जो सरकारी गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन है।
बाउंड्री वॉल निर्माण में कार्य में लगे मजदूरों से कालम और बीम में लगने वाली सरिया लोहा के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ठेकेदार द्वारा आठ एमएम का सरिया लगवाया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि नीचे जमीन पर ही बीम ढलवाया जा रहा है जो गलत है। साथ ही मजदूरों ने ठेकेदार पर कम मजदूरी देने का भी आरोप लगाया है।
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की तत्काल जांच कराने की मांग की है। ताकि बच्चों के स्कूल के लिए आवंटित धन भ्रष्टाचार की भेंट न चढ़े।
बालाघाट से संवाददाता विशाल महानंद की रिपोर्ट