बड़वानी: भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री और खरगोन-बड़वानी सांसद गजेंद्र सिंह पटेल के बड़वानी पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद पहली बार सांसद अपने सांसद सेवा केंद्र पहुंचे, जहां उनका फूल-मालाओं, गुलदस्तों और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान शहर में “निमाड़ के मन में गज्जू भैया” जैसे नारों की गूंज सुनाई दी।
गजेंद्र पटेल के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, नगरवासी और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग सांसद सेवा केंद्र पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी और अपनी खुशी का इजहार किया।राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया।
स्वागत कार्यक्रम के बाद सांसद सेवा केंद्र में रक्षाबंधन का भावुक अवसर भी देखने को मिला। भाजपा महिला मोर्चा की बहनों ने गजेंद्र सिंह पटेल और उनकी पत्नी को रक्षा सूत्र बांधा। इस दौरान सांसद गजेंद्र पटेल भावुक नजर आए। उन्होंने रक्षाबंधन को भाई-बहन के रिश्ते के साथ कर्तव्य और जिम्मेदारी से जुड़ा पर्व बताया।
सांसद ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से उन्हें आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं। उन्होंने लखपति दीदी, स्व-सहायता समूह और रोजगार के अवसरों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाएं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर सभी बहनों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने स्वागत के दौरान लगाए गए “निमाड़ के मन में गज्जू भैया” और “निमाड़ के मैया गज्जू भैया” जैसे नारों पर गजेंद्र पटेल ने कहा कि यह केवल नारे नहीं, बल्कि जनता और कार्यकर्ताओं के स्नेह की अभिव्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि सांसद के तौर पर पिछले सात वर्षों से और उससे पहले संगठन में रहते हुए उन्होंने पूरी ईमानदारी से लोगों की सेवा करने का प्रयास किया है। जनता का यह स्नेह उन्हें आगे भी काम करने की ऊर्जा देता है।
राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने पर गजेंद्र पटेल ने इसे पूरे निमाड़ के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर देने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि खरगोन-बड़वानी-खंडवा के निमाड़ क्षेत्र जैसे जनजातीय अंचल से किसी सामान्य कार्यकर्ता को राष्ट्रीय स्तर पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
गजेंद्र पटेल ने कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राष्ट्रीय स्तर पर रहते हुए वे निमाड़ की समस्याओं, जरूरतों और क्षेत्र की आवाज को मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने जनजातीय समाज के विकास और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का भी उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा जनजातीय समुदाय को आगे बढ़ाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।