दतियाः शहर में सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त संदेश दिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भांडेर रोड स्थित प्रस्तावित नई जेल के पीछे सर्वे नंबर 257 की करीब 20 बीघा सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को राजस्व, नगरपालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने हटाया।
सुबह प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और जेसीबी मशीनों की मदद से निर्माणाधीन ढांचे, प्लॉटिंग के लिए की गई घेराबंदी और अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी भी प्रकार के विरोध या विवाद की स्थिति न बने।
जानकारी के अनुसार, इस जमीन पर सात लोगों ने पहले कब्जा किया और बाद में अवैध रूप से प्लॉट काटकर बेचने का काम शुरू कर दिया। कुछ लोगों द्वारा मकान निर्माण भी प्रारंभ कर दिया गया था। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने जांच कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
तहसीलदार बीएम आर्या ने बताया कि संबंधित भूमि सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज है और उस पर अवैध कब्जा कर प्लॉटिंग की जा रही थी। कलेक्टर के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर बनाए गए मकान, झोपड़ी और सीमांकन को भी तोड़ा गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई को शहर में बढ़ती अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कदम माना जा रहा है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में भी इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
दतिया से संवाददाता विनोद कुशवाह की रिपोर्ट