दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने बिग बैश लीग के आगामी सीजन में ब्रिस्बेन हीट के लिए नहीं खेलने का फैसला किया है। डिविलियर्स ने अपने तीसरे बच्चे के जन्म के समय परिवार के साथ रहने के लिए लीग से नाम वापस लिया है।
❤️ @ABdeVilliers17 pic.twitter.com/RnOU6vWAVM
— Brisbane Heat (@HeatBBL) October 27, 2020
डिविलियर्स ने एक बयान में कहा, हमारे तीसरे बच्चे के आने की खबर से मैं खुश हूं। इसलिए हमारे बढ़ते परिवार, यात्रा से जुड़ी अनिश्चितता और कोविड-19 के हालातों को देखते हुए मैंने फैसला किया है कि मैं इस सीजन में नहीं खेलूंगा।
उन्होंने आगे कहा, ब्रिस्बेन हीट के साथ मेरा पिछला सीजन शानदार था और मैं भविष्य में क्लब में लौटने को लेकर काफी उत्साहित हूं। पिछले सीजन टीम को वो परिणाम हासिल नहीं हुए, जिसकी हमें उम्मीद थी और मेरा मानना है कि कुछ काम अभी बाकी है।
गौरतलब है कि 36 साल के डिविलियर्स पिछले साल ब्रिस्बेन हीट से जुड़े थे और उन्होंने 24.33 की औसत से 146 रन बनाए थे।
इस बीच, ब्रिस्बेन हीट ने अफगानिस्तान के स्पिनर मुजीब उर रहमान के साथ दोबारा करार किया है। हीट के लिए उनका यह तीसरा सीजन होगा। पिछले सीजन में उन्होंने तीन विकेट लिए थे।