बुरहानपुरः बैसाखी पर्व के पावन अवसर पर बंजारा सिख समाज में आस्था और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। श्री गुरुद्वारा दुख निवारण साहेब मातापुर से लगभग 150 संगतों का भव्य जत्था श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के दर्शन के लिए रवाना हुआ। इस धार्मिक यात्रा ने पूरे क्षेत्र में भक्ति, एकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का माहौल बना दिया।
इस विशेष सेवा का नेतृत्व सरदार नरेंद्र सिंह थांदी (प्रधान, वेस्ट सेक्रामेंटो, यूएसए) द्वारा किया जा रहा है, जिन्होंने गुरु नानक नाम लेवा बंजारा सिख संगत को दर्शन कराने का बीड़ा उठाया। उनके इस प्रयास की समाज में व्यापक सराहना हो रही है। कार्यक्रम में बंजारा सिख प्रचारक भाई राजा सिंह राठौड़ और रागी ईश्वर सिंह(गुरुद्वारा सिंघ सभा खंडवा) की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया।
भाई राजा सिंह राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि बंजारा सिखों का इतिहास गौरवशाली रहा है और आज भी समाज गुरु की शिक्षाओं पर चलते हुए नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। वहीं रागी ईश्वर सिंह ने कहा कि समाज में तेजी से जागरूकता आ रही है और लोग नशे व व्यसन से दूर होकर सिक्खी को अपना रहे हैं, जिससे एक सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
यह यात्रा शहीद बब्बर बाबा करम सिंहजी थांदी की प्रेरणा से आयोजित की गई है, जिसका उद्देश्य समाज को धार्मिक रूप से मजबूत करना और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति व परंपराओं से जोड़ना है। यात्रा के दौरान संगत के लिए भोजन, आवास और सुरक्षा की समुचित व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई है।
बुरहानपुर से संवाददाता राजवीर राठौर की रिपोर्ट