उज्जैनः चैत्र नवरात्रि की महाअष्टमी पर उज्जैन में परंपरा, आस्था और अनूठी धार्मिक मान्यताओं का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां नगर पूजा के दौरान माता को मदिरा का भोग अर्पित किया गया।

उज्जैन में श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी द्वारा महाअष्टमी के अवसर पर भव्य नगर पूजा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत 24 खंबा स्थित माता महामाया और महालया माता मंदिर में विशेष पूजन के साथ हुई, जहां संतों द्वारा परंपरागत रूप से माता को मदिरा का भोग लगाया गया।
इस भव्य आयोजन में अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत अरविंद पुरी महाराज सहित कई संत-महंत और महामंडलेश्वर शामिल हुए। बैंड-बाजों, जयकारों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के साथ पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।
यात्रा के समापन पर श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी में कन्या पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।