31 जुलाई से नेशनल बास्केटबॉल एसोसिएशन (एनबीए) शुरू हो सकती है। बताया जा रहा है कि, एनबीए के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स ने 2019-20 सत्र को फ्लोरिडा में फिर से शुरू करने को मंजूरी दे दी है। एक ही जगह 22 टीमों की लीग शुरू करने का एक प्रस्ताव रखा गया है। इससे पहले इसे लेकर वोटिंग भी हुई, जिसमें 29 टीमों ने लीग शुरू करने जबकि एक ने इसके खिलाफ वोट किया।
लीग के प्लेऑफ अगस्त में खेले जाएंगे जबकि फाइनल 12 अक्तूबर को प्रस्तावित हुआ है। यह लीग ऑरलैंडो में डिज्नी के वर्ल्ड वाइड स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में होगी। एनबीए ने कोरोना के चलते 11 मार्च को सत्र निलंबित कर दिया था।
एनबीए के आयुक्त एडम सिल्वर ने कहा कि बोर्ड की मंजूरी सत्र को फिर से शुरू करने की दिशा में एक कदम है। हम स्वास्थ्य अधिकारियों और चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा बताए गए सख्त नियमों पर आधारित सुरक्षित और जिम्मेदार तरीके से सत्र के समापन की उम्मीद कर रहे हैं।