रिपोर्ट: सत्यम दुबे
विदिशा: राजधानी भोपाल से 120 किलो मीटर दूर विदिशा जिले में गजबासौदा में गुरुवार रात एक बच्ची कुएं में गिर गई। बच्ची को बचाने आये लेग कुएं के मेड़ पर खड़े थे, तभी अचानक मिट्टी धसने से कई लोग कुएं में गिर गये, और मलबे में दब गये। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुक्रवार देर शाम खत्म हुआ। 24 घंटे तक चले ऑपरेशन में 20 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। वहीं 11 लोगों के शव कुएं से निकाले गए।
आपको बता दें कि गुरुवार शाम करीब 6.30 बजे हादसे के कुछ देर बाद बचाव अभियान की शुरुआत हुई थी। जिस 10 साल के बच्ची को बचाने के लिए यह हादसा हुआ, उसका शव सबसे अंत में कुएं से निकाला गया। बचाये गये सभी 20 लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए मारे गए लोगों के परिवारों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की है। पीएम मोदी के कार्यालय की ओर से ट्वीट में कहा गया कि विदिशा हादसे से वे बेहद दुखी हैं। मृतकों के प्रति संवेदना जताते हुए ट्वीट में कहा गया है कि प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि मृतकों के परिवारों को दी जाएगी।
वहीं दूसरी ओर इस दर्दनाक हादसे पर भी राजनीति अपने चरम पर है। विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पुलिस और प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि शिकायत मिलने पर पुलिस-प्रशासन सक्रिय हो जाता तो हादसा टल सकता था। उन्होंने राज्य सरकार से मृतकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और 15 लाख रुपया मुआवजा देने की मांग की है।