अहमदाबद के मोटेरा स्टेडियम में कल एजीएम की बैठक हुई जिसमें बोर्ड ने कई बड़े फैसलों पर मुहर लगाई। बोर्ड के मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली बतौर डायरेक्टर अपनी सेवाएं देते रहेंगे। जबकि राजीव शुक्ला अब बोर्ड के नए उपाध्यक्ष होंगे।
पढ़िए बोर्ड द्वारा लिए गए अहम फैसले :-
1.भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति से हरी झंडी मिलने के बाद 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों में क्रिकेट को शामिल करने के लिए आईसीसी के फ़ैसले के साथ खड़ा होगा।
2.बोर्ड के मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली आईसीसी के बोर्ड में बतौर निदेशक अपने पद पर बरकरार रहेंगे। बीसीसीआई के लिए जब-जब सौरव गांगुली गैरहाजिर रहेंगे उस वक़्त सचिव जय शाह बतौर कार्यवाहक अध्यक्ष ये जिम्मेदारी संभालेंगे।
3.अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) में जय शाह भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए नज़र आएंगे। परिषद की चीफ़ एग्ज़ीक्यूटिव मीटिंग में शाह बीसीसीआई का पक्ष रखेंगे।
4.अगले साल 10 जनवरी से 31 जनवरी तक होने वाली सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी के साथ ही भारत में घरेलू क्रिकेट सत्र की भी शुरुआत हो जाएगी। जिसके बाद रणजी ट्रॉफ़ी जैसे बाकी घरेलू टूर्नामेंट्स भी खेले जाएंगे।
5.औपचारिक तौर पर बोर्ड ने राजीव शुक्ला को बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त करने का भी फ़ैसला लिया। महिमा चौधरी के इस पद से जाने के बाद से ही ये पद खाली था।
6.एजीएम के दौरान बोर्ड ने बैंगलोर की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों में 4 नई राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी खोलने का भी निर्णय लिया गया।
7.बीसीसीआई ने बैठक में ये भी तय किया कि बोर्ड के सचिव शाह और कोषाध्यक्ष अरुण धूमल भारत में होने वाले 2021 के टी-20 विश्व कप और 2023 में होने वाले वन-डे विश्व के दौरान टैक्स में छूट दिए जाने को लेकर भी बात करेंगे।
8.बोर्ड ने खिलाड़ियों के इंश्योरेंस कवर की राशि में भी बढ़ोतरी की है। कवर की इस राशि को बोर्ड ने 5 लाख से बढ़ा कर 10 लाख कर दिया है।
9.बोर्ड ने मैच में शामिल होने वाले अधिकारियों के रिटायरमेंट को लेकर भी काफ़ी अहम फ़ैसला सुनाया है। बीसीसीआई ने अंपायरों, मैच रेफ़री और स्कोरर्स के रिटायर होने की उम्र को 55 से बढ़ाकर 60 कर दिया है।
10.साथ ही बोर्ड ने आईपीएल 2022 से 10 टीमें खिलने का ऐलान भी किया है।