UP News : उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते नौ वर्षों में गोरखपुर के रोड इंफ्रास्ट्रक्चर में व्यापक बदलाव देखने को मिला है। कभी बदहाल और जर्जर सड़कों के लिए पहचान रखने वाला गोरखपुर आज आधुनिक फ्लाईओवर, रेल ओवरब्रिज, फोरलेन और सिक्सलेन सड़कों के नेटवर्क के कारण पूर्वांचल के प्रमुख विकसित शहरों में गिना जा रहा है।
सरकार का दावा है कि मजबूत सड़क नेटवर्क ने न केवल आवागमन को आसान बनाया है, बल्कि औद्योगिक निवेश, व्यापार, पर्यटन और आवासीय विकास को भी नई गति दी है। शहर के बाहरी क्षेत्रों की लगभग सभी प्रमुख सड़कें फोरलेन हो चुकी हैं, जबकि शहर के अंदर भी तेजी से चौड़ीकरण और नई सड़क परियोजनाओं पर काम जारी है।
11 जुलाई को मिलेगी नई फोरलेन सड़क की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 जुलाई को भटहट से बासस्थान तक 11.6 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण करेंगे। लगभग 689.35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह परियोजना गोरखपुर की सड़क कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी।
गोरखपुर बना फोरलेन कनेक्टिविटी का प्रमुख केंद्र
2017 से पहले खराब सड़क नेटवर्क के कारण उद्योग, व्यापार और आम लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब गोरखपुर से लखनऊ, वाराणसी, बिहार, नेपाल, देवरिया और कुशीनगर तक बेहतर फोरलेन कनेक्टिविटी उपलब्ध है। इसके चलते निवेश, व्यापारिक गतिविधियों और रियल एस्टेट क्षेत्र में भी तेजी आई है।
लिंक एक्सप्रेसवे से मिली नई रफ्तार
योगी सरकार ने गोरखपुर को 91 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे की सौगात भी दी है। करीब 7,283 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे ने गोरखपुर को आजमगढ़ के माध्यम से राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों से तेज और सुगम कनेक्टिविटी प्रदान की है।
बीते एक वर्ष में पूरी हुईं प्रमुख सड़क परियोजनाएं
पिछले एक वर्ष में गोरखपुर में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी हुई हैं। इनमें धर्मशाला-गोरखनाथ मंदिर मार्ग पर नया गोरखनाथ ओवरब्रिज, बरगदवा-नकहा रेल ओवरब्रिज, खजांची चौराहा फ्लाईओवर, रामगढ़ताल से देवरिया बाईपास तक फोरलेन सड़क, बालापार टिकरिया रेल ओवरब्रिज तथा पैडलेगंज से बेतियाहाता तक फोरलेन मार्ग प्रमुख हैं।
कई बड़ी परियोजनाओं पर तेजी से चल रहा काम
गोरखपुर में वर्तमान समय में जंगल कौड़िया-सोनौली फोरलेन, उत्तर-पूर्व रिंग रोड, टीपीनगर से पैडलेगंज सिक्सलेन फ्लाईओवर, नौसढ़-पैडलेगंज सिक्सलेन मार्ग, देवरिया बाईपास चौड़ीकरण, जिला जेल बाईपास, पिपराइच-गोरखपुर फोरलेन, चारफाटक-असुरन मार्ग, बालापार-टिकरिया-गांगी बाजार मार्ग, पादरी बाजार फ्लाईओवर, विरासत गलियारा सहित लगभग दर्जनभर बड़ी सड़क परियोजनाओं पर निर्माण कार्य जारी है।