बुरहानपुरः गौ संरक्षण को लेकर एक बड़ा जनआंदोलन आकार लेता नजर आ रहा है। शहर के बहुचरा माता मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में संत त्रयम्बक गिरि ने सनातन धर्म के अनुयायियों से गौ रक्षा के लिए एकजुट होकर आगे आने की अपील की है।
कार्यक्रम के दौरान संत त्रयम्बक गिरि ने बताया कि देशभर में करीब 40 लाख सनातनियों द्वारा गौ संरक्षण के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान जिला स्तर पर संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत जल्द ही जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
उन्होंने जोर देकर कहा कि गौ आरक्षण के लिए संविधान में बदलाव और सख्त गौ संरक्षण कानून की आवश्यकता है। संत त्रयम्बक गिरि ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाती है, तो देशभर में साधु-संत आमरण अनशन पर बैठने को मजबूर होंगे।
संतों का मानना है कि गौ रक्षा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि इससे देश की अर्थव्यवस्था और कृषि व्यवस्था भी मजबूत होती है। गौ संरक्षण से गोधन में वृद्धि होगी, जिससे खेती को बल मिलेगा और किसानों की आय में भी बढ़ोतरी होगी।
कार्यक्रम में उपस्थित समाज के प्रतिनिधियों ने भी इस अभियान को खुलकर समर्थन दिया। संकल पंच गुजराती मोढ़ वणिक समाज ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश दलाल ने कहा कि उनका समाज संत त्रयम्बक गिरि जी के साथ पूरी तरह खड़ा है और गौ संरक्षण के लिए हर संभव सहयोग देने को तैयार है।
बुरहानपुर से संवाददाता राजीव राठौर की रिपोर्ट