1. हिन्दी समाचार
  2. Burhanpur
  3. उफनते नाले पर जान जोखिम में डालकर पुल पार कर रहे ग्रामीण, स्थायी समाधान की उठी मांग

उफनते नाले पर जान जोखिम में डालकर पुल पार कर रहे ग्रामीण, स्थायी समाधान की उठी मांग

बुरहानपुर में लगातार बारिश के कारण घाघरला-डालमहू पुल पर पानी ऊपर से बहने लगा, जिससे ग्रामीण जान जोखिम में डालकर पुल पार करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह समस्या हर वर्ष होती है और पुल की ऊंचाई बढ़ाकर नया पुल बनाना ही इसका स्थायी समाधान है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

By: Nivedita 
Updated:
उफनते नाले पर जान जोखिम में डालकर पुल पार कर रहे ग्रामीण, स्थायी समाधान की उठी मांग

बुरहानपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। ग्राम घाघरला और डालमहू के बीच स्थित पुल पर पानी ऊपर से बहने लगा, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया। इसके बावजूद ग्रामीण मजबूरी में जान जोखिम में डालकर पुल पार करते नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

पुल पर बहता पानी बना खतरा

शुक्रवार शाम तेज बारिश के बाद नाले का जलस्तर बढ़ गया और पानी पुल के ऊपर से बहने लगा। इससे दोनों गांवों के बीच संपर्क प्रभावित हुआ। बावजूद इसके कई ग्रामीण और राहगीर जोखिम उठाकर पुल पार करते रहे, जिससे किसी भी समय हादसे की आशंका बनी हुई है।

हर साल बनते हैं बाढ़ जैसे हालात

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने के बाद भी पुल की ऊंचाई कम होने के कारण थोड़ी सी अधिक बारिश में पानी पुल के ऊपर से बहने लगता है। इससे घाघरला, डालमहू और आसपास के गांवों का संपर्क घंटों तक बाधित रहता है। स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है।

 

पांच फीट ऊंचा पुल बनाने की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुल की ऊंचाई करीब पांच फीट बढ़ा दी जाए तो बारिश का पानी आसानी से नीचे से निकल जाएगा और पुल पर जलभराव की समस्या खत्म हो सकती है। उनका यह भी कहना है कि वर्तमान पुल काफी पुराना और जर्जर हो चुका है, जबकि नए सड़क मार्ग के बावजूद इसका पुनर्निर्माण नहीं किया गया।

प्रशासन से स्थायी समाधान की अपील

ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पुराने पुल की जगह नया, मजबूत और ऊंचा पुल बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते इस दिशा में कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

 

रिपोर्ट –  राजू सिंह राठौड़ 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...