1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. हनुमान जयंती पर गूंजा ‘वंदे मातरम्’, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संयोजक फैज खान बोले- भारत में रहने वाला हर व्यक्ति हिंदू

हनुमान जयंती पर गूंजा ‘वंदे मातरम्’, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संयोजक फैज खान बोले- भारत में रहने वाला हर व्यक्ति हिंदू

फैज खान ने कुछ प्रमुख मुस्लिम हस्तियों के बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत को लेकर असुरक्षा की भावना जताना गलत है। उन्होंने कहा कि “सबसे सुरक्षित अगर कोई जगह है, तो वह हिंदुस्तान है।

By: Naredra 
Updated:
हनुमान जयंती पर गूंजा ‘वंदे मातरम्’, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संयोजक फैज खान बोले- भारत में रहने वाला हर व्यक्ति हिंदू

बुरहानपुरः हनुमान जयंती के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब प्रसिद्ध कथा वाचक एवं गौ संरक्षण से जुड़े फैज खान ने अपने ओजस्वी वक्तव्य और भजनों की शानदार प्रस्तुति से माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने हनुमान जी के भजनों पर जमकर नृत्य किया और लेझिम की ताल पर झूम उठे।

अपने संबोधन में फैज खान ने एक बड़ा और स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि “जो भारत में रहता है, वह हिंदू है।” उन्होंने इस बात को समझाते हुए कहा कि ‘हिंद’ शब्द भौगोलिक पहचान से जुड़ा है, और जो भी इस भूमि का निवासी है, वह ‘हिंदू’ कहलाता है। उन्होंने कहा कि भारत की पहचान उसकी संस्कृति, परंपरा और सनातन मूल्यों से है, जो सभी को जोड़ती है।

फैज खान ने कुछ प्रमुख मुस्लिम हस्तियों के बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत को लेकर असुरक्षा की भावना जताना गलत है। उन्होंने कहा कि “सबसे सुरक्षित अगर कोई जगह है, तो वह हिंदुस्तान है। यहां सभी धर्मों के लोग अपने-अपने त्योहार पूरे उल्लास के साथ मनाते हैं।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि जहां दुनिया के कई देशों में संघर्ष और हिंसा की खबरें आती हैं, वहीं भारत में लोग मिलजुलकर होली, ईद, दुर्गा उत्सव, रामनवमी और हनुमान जयंती जैसे त्योहार धूमधाम से मनाते हैं।

अपने भाषण में उन्होंने ‘वंदे मातरम्’ को लेकर भी स्पष्ट रुख अपनाया और कहा कि इसे लेकर किसी को भी आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मंच से पूरा ‘वंदे मातरम्’ गाकर देशभक्ति का संदेश दिया, जिससे उपस्थित जनसमूह में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

इसके साथ ही फैज खान ने इच्छेश्वर हनुमान मंदिर के निर्माण की मांग भी जोरदार तरीके से उठाई। उन्होंने कहा कि यह मंदिर वर्षों पुराना है और अभी तक तंबू में विराजमान हनुमान जी के लिए भव्य मंदिर का निर्माण होना चाहिए। उन्होंने राम मंदिर का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार वर्षों के इंतजार के बाद राम जी का भव्य मंदिर बना, उसी तरह हनुमान जी के मंदिर का निर्माण भी अब समय की मांग है।

फैज खान ने शासन-प्रशासन और समाज के सभी वर्गों, विशेषकर बोहरा समाज से अपील की कि वे आपसी समन्वय बनाकर मंदिर निर्माण में सहयोग करें। उन्होंने सामाजिक एकता और सहयोग पर जोर देते हुए कहा कि सभी को मिलकर धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने देश विरोधी गतिविधियों में शामिल कुछ तत्वों की आलोचना भी की और स्पष्ट किया कि राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए। उनका यह पूरा संबोधन जहां एक ओर भक्ति से ओतप्रोत था, वहीं दूसरी ओर सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर भी स्पष्ट संदेश देने वाला रहा।

बुरहानपुर से संवाददाता राजवीर राठौर की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...