1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. धामनोद में गैस एजेंसी के खिलाफ हंगामा, सड़क पर खाली टंकिया रखकर लगाया जाम

धामनोद में गैस एजेंसी के खिलाफ हंगामा, सड़क पर खाली टंकिया रखकर लगाया जाम

विरोध बढ़ता देख एजेंसी के कर्मचारियों ने ऑफिस में ताला लगा दिया और वहां से चले गए, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

By: Naredra 
Updated:
धामनोद में गैस एजेंसी के खिलाफ हंगामा, सड़क पर खाली टंकिया रखकर लगाया जाम

धारः धामनोद में आज उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब इंडियन गैस एजेंसी की लापरवाही और गैस सिलेंडर की किल्लत से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लंबे समय से गैस टंकियों की डिलीवरी नहीं होने और बार-बार चक्कर लगाने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज़ उपभोक्ताओं ने एजेंसी के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।

गुस्साए लोगों ने अपनी खाली गैस टंकियां सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि एजेंसी द्वारा मनमानी की जा रही है, समय पर गैस उपलब्ध नहीं कराई जा रही और उपभोक्ताओं को लगातार परेशान किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि बुकिंग के कई-कई दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहे, जिससे घरों में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है।

विरोध बढ़ता देख एजेंसी के कर्मचारियों ने ऑफिस में ताला लगा दिया और वहां से चले गए, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने लोगों को समझाइश दी और जाम खुलवाया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसी की जांच की जाए और समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि आम जनता को परेशान न होना पड़े। प्रशासन ने भी लोगों को आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

धार से संवाददाता सौभाग प्रजापति की रिपोर्ट

 

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...