राजधानी भोपाल में 11 जनवरी को ट्रैक्टर रैली और कृषि कल्याण वर्ष-2026 के शुभारंभ को लेकर बड़े स्तर पर आयोजन किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। आयोजनों के चलते शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं और पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है।
मध्यप्रदेश सरकार वर्ष 2026 को कृषि कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। इसके तहत 11 जनवरी को भोपाल के जंबूरी मैदान में एक विशाल किसान सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कृषि कल्याण वर्ष-2026 का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। सम्मेलन से पहले किसानों की भव्य ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी।
पहला कार्यक्रम कोकता बायपास स्थित आरटीओ कार्यालय तिराहा पर आयोजित होगा, जहां से ट्रैक्टर रैली की शुरुआत की जाएगी। इस रैली में भोपाल से 601 ट्रैक्टर, विदिशा से 250 ट्रैक्टर, रायसेन से 250 ट्रैक्टर शामिल होंगे।
मिसरोद-सलैया क्षेत्र से आने वाले ट्रैक्टर 11 मील बायपास रोड, खजूरी कला, पटेल नगर चौराहा होते हुए प्रेस्टीज कॉलेज के सामने लाइनअप होंगे। वहीं फंदा ब्लॉक और बैरसिया रोड की ओर से आने वाले ट्रैक्टर खजूरी सड़क, मोबारकपुर बायपास, लांबाखेड़ा और चोपड़ा कला बायपास चौराहों से होते हुए अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय के सामने एकत्रित होंगे। रायसेन और विदिशा से आने वाले ट्रैक्टर भी तय मार्गों से होकर निर्धारित स्थल तक पहुंचेंगे।
दूसरा मुख्य कार्यक्रम जंबूरी मैदान में आयोजित होगा, जहां कृषि कल्याण वर्ष का शुभारंभ किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भोपाल से लगभग 12 हजार किसान, सीहोर और रायसेन से 6-6 हजार, विदिशा से 4 हजार, राजगढ़ और नर्मदापुरम से 1-1 हजार किसान शामिल होंगे। कुल मिलाकर करीब 30 हजार किसान इस कार्यक्रम में भाग लेंगे, जिन्हें 800 से 900 बसों के माध्यम से जंबूरी मैदान तक लाया जाएगा।
कार्यक्रम को देखते हुए भोपाल जिले के मिसरोद-सलैया क्षेत्र में अशिमा मॉल, बागसेवनिया चौराहा, आरआरएल तिराहा, एम्स रोड, बरखेड़ा पठानी और सेंट जेवियर स्कूल के पीछे पार्किंग की व्यवस्था की गई है। फंदा ब्लॉक, बैरसिया रोड और सीहोर, विदिशा, राजगढ़, रायसेन व नर्मदापुरम से आने वाले वाहनों को तय रूट से जंबूरी मैदान भेजा जाएगा।
11 जनवरी को इन आयोजनों के कारण भोपाल की कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों से बचें, वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें और यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट की जानकारी अवश्य लें।
ट्रैक्टर रैली और कृषि कल्याण वर्ष के शुभारंभ से राजधानी भोपाल में उत्सव जैसा माहौल रहेगा। प्रशासन का दावा है कि यातायात और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।