नई दिल्ली : दुनियाभर में क्रिप्टोकरेंसी की लोकप्रियता तेजी से बढ़ती जा रही है। इस समय क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज्स में 1600 से अधिक क्रिप्टोकरेंसी लिस्टेड हैं और यह बढ़ते जा रही है। ऐसे में बिटक्वाइन दुनिया की सबसे तेजी से उभरने वाली क्रिप्टोकरंसी बनकर सामने आई है। बिटक्वाइन की लोकप्रियता देखते हुए मध्य अमेरिका के छोटे देश अल साल्वाडोर में अब दुनिया की पहली बिटक्वाइन शहर बनाने की योजना है। इसे बिटक्वाइन पर आधारित बॉन्ड्स के जरिए फंड किया जाएगा।
अल साल्वाडोर के राष्ट्रपति नायिब बुकेले ने एक समारोह में अपने संबोधन में कहा कि यह शहर ला यूनियन के ईस्टर्न रीजन में बनाया जाएगा और इसे ज्वालामुखी के जरिए जियोथर्मल पॉवर दिया जाएगा। इसके अलावा इस पर वैट (वैल्यू एडेड टैक्स) के अलावा अन्य कोई टैक्स नहीं लगाया जाएगा। बुकेले ने कहा कि यहां निवेश करिए और भरपूर रिटर्न हासिल करिए। अल सल्वाडोर दुनिया का पहला ऐसा देश है जहां पर क्रिप्टोकरेंसी बिटक्वाइन को लीगल टेंडर घोषित किया गया था। राष्ट्रपति के मुताबिक बिटक्वाइन सिटी सर्कुलर में एक एयरपोर्टस आवासीय व कॉमर्शियल इलाके, सेंट्रल प्लाजा होंगे। यह शहर इस प्रकार से बसाया जाएगा कि इसे जब हवा में से देखेंगे तो बिटक्वाइन का सिंबल नजर आएगा।
इंफ्रास्ट्रक्चर पर करीब 3 लाख बिटक्वाइन की लागत आएगी
अल साल्वाडोर के राष्ट्रपति बुकेले ने कहा कि जो वैट वसूला जाएगा, उसमें से आधे वैट को इस शहर के लिए खर्च किया जाएगा। इस आधे वैट को उन बॉन्ड्स में निवेश किया जाएगा जिसे शहर को बनाने के लिए निवेश किया जाना है। आकलन के मुताबिक पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर करीब 3 लाख बिटक्वाइन की लागत आएगी। शुरुआत में 7.4 हजार करोड़ के वोल्कानो बॉन्ड जारी किए जाएंगे। अल साल्वाडोर में वर्ष 2022 तक शुरुआती बॉन्ड्स जारी करने की योजना है।