खंडवाः प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने शनिवार को खंडवा जिले के ग्राम बड़ौदा अहीर स्थित जननायक टंट्या भील के स्मारक पर पहुंच कर पूजन किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल श्री पटेल ने संबोधित करते हुए कहा कि जननायक टंट्या भील के जन्म दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के आंदोलन में भगवान बिरसा मुंडा, टंट्या भील, भीमा नायक, शंकर शाह, रघुनाथ शाह जैसे आदिवासी जननायकों का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जन मन योजना, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं से समाज के सबसे गरीब वर्ग को लाभ मिला है और ये योजनाएं गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि “धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना” आदिवासी बहुल क्षेत्रों के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को मिलकर प्रयास करना चाहिए कि सरकार की योजनाएं दूरस्थ अंतिम छोर के गांवों के सबसे गरीब व्यक्ति तक पहुंच सके।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने बड़ौदा अहीर में आयोजित कार्यक्रम में जननायक टंट्या भील की वंशज श्रीमती सोनीबाई और मांगीलाल का शॉल श्रीफल प्रदान कर सम्मान किया। उन्होंने इस अवसर पर पशुपालन विभाग की कामधेनु योजना के हितग्राही टेमलाखुर्द निवासी श्री प्रभुलाल यादव को 35.70 लाख रुपए राशि का चेक प्रदान किया। उन्होंने प्रदीप भील, चंदाबाई और कुसुंम बाई ग्वाले को आयुष्मान कार्ड प्रदान किये। इसके अलावा उन्होंने श्रीमती कृष्णा निवासी ग्राम सेगवाल और माही निवासी कुमठी को सिकल सेल कार्ड प्रदान किये। राज्यपाल श्री पटेल ने रक्तमित्र लोकेश झवर, रजाक खान और शैलू मंडलोई को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। उन्होंने सिकलसेल मित्र श्रीमती अनीता जमरे, रानी भालसे और माया वानखेडे को प्रमाण पत्र प्रदान किया। कार्यक्रम में राज्यपाल श्री पटेल ने घाटाखेड़ी निवासी आकाश, मुकेश और परशुराम को प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किये।

कार्यक्रम प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, खंडवा के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, खरगोन के सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, खंडवा विधायक श्रीमती कंचन तन्वे, मांधाता विधायक नारायण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेडे, खंडवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष कुंवर दिव्यादित्य शाह, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज कुमार राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।
खंडवा से संवाददाता नितिन झवर की रिपोर्ट