छिंदवाड़ाः अध्यापक-शिक्षक संयुक्त मोर्चा मध्यप्रदेश के प्रांतीय आह्वान पर राज्य के समस्त विकासखंड में शिक्षक पात्रता परीक्षा के विरोध में धरना, रैली आयोजित की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन भी सौंपे गए। इसी कड़ी में मोहखेड़ विकासखंड के उमरानाला में शासकीय महाविद्यालय उमरानाला के प्रांगण धरना दिया गया और मुख्यमंत्री अनुरोध रैली का आयोजन किया गया।
जिसमें संयुक्त मोर्चा द्वारा मुख्य रूप से 2 मांगे रखी गई। जिसमें 2010 से पूर्व कार्यरत अध्यापकों एवं शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के संबंध में मध्यप्रदेश सरकार पुनर्विचार याचिका दायर करें एवं लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आदेश पर रोक लगावे। साथ ही शिक्षकों की वर्षों पुरानी मांग वरिष्ठता बहाली, पेंशन, ग्रेजुएटी, अवकाश, नगदीकरण का लाभ प्रथम नियुक्ति दिनांक से प्रदान करें।
अध्यापक संयुक्त मोर्चा द्वारा 700 से अधिक शिक्षक, अध्यापकों की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज तेकाम, कई पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। समस्त जनप्रतिनिधियों ने अध्यापकों इन मांगों का समर्थन किया और अध्यापकों की वेदना को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में संयुक्त मोर्चा के अरविंद भट्ट, मनोज कोलारे, महेश भादे, रामाजी पाठे सहित तमाम शिक्षकों ने अपने अध्यापक साथियों से अनुरोध किया है कि संघर्ष के अगले चरण में 18 अप्रैल को भोपाल पहुंचकर अपनी जागरूकता का परिचय दें।
छिंदवाड़ा से संवाददाता श्याम साहू की रिपोर्ट