1. हिन्दी समाचार
  2. Burhanpur
  3. MP News: तिरंगे की शान, जवानों का अभिमान… बुरहानपुर में गणतंत्र दिवस पर मंत्री तुलसी सिलावट ने किया झंडा वंदन

MP News: तिरंगे की शान, जवानों का अभिमान… बुरहानपुर में गणतंत्र दिवस पर मंत्री तुलसी सिलावट ने किया झंडा वंदन

मंत्री तुलसी सिलावट ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश वाचन करते हुए कहा कि “विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत का सपना हम सभी मिलकर साकार करेंगे।”

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: तिरंगे की शान, जवानों का अभिमान… बुरहानपुर में गणतंत्र दिवस पर मंत्री तुलसी सिलावट ने किया झंडा वंदन

जिले में 77वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति, अनुशासन और विकास के संकल्प के साथ भव्य रूप से मनाया गया। स्टेडियम ग्राउंड पर आयोजित मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, राष्ट्रगान की धुन पर तिरंगे को सलामी दी और परेड का निरीक्षण किया।

अनुशासन और शौर्य का प्रदर्शन

मुख्य समारोह में जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल, होमगार्ड, स्काउट-गाइड और एनसीसी कैडेट्स ने कदम से कदम मिलाकर शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। परेड की सटीकता और अनुशासन ने उपस्थित जनसमूह को गर्व से भर दिया। इसके साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन पर पूरा मैदान तालियों से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री का संदेश, जवानों का उत्साहवर्धन

मंत्री तुलसी सिलावट ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश वाचन करते हुए कहा कि “विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत का सपना हम सभी मिलकर साकार करेंगे।” उन्होंने मार्चपास्ट में शामिल जवानों और कैडेट्स से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

2000 करोड़ की सिंचाई परियोजनाओं की बड़ी घोषणा

इस अवसर पर मंत्री सिलावट ने बुरहानपुर जिले के लिए सिंचाई विभाग में 2000 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात की घोषणा की। उन्होंने बताया कि जिले में झिरमिटी, नावथा सहित कई बड़े डैमों का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं से किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी और कृषि विकास को नई गति प्राप्त होगी। यह भी बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शीघ्र ही बुरहानपुर का दौरा करेंगे और जिले को कई नई विकास योजनाओं की सौगात देंगे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम के दौरान स्कूली विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मंत्री, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और आम जनता का मन मोह लिया। समारोह में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही।

एकता और विकास का संकल्प

समारोह के अंत में प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने देश और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि “देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...