चीन के वुहान शहर से फैले खतरनाक और जानलेवा कोरोना वायरस ने अब तक पूरी दुनिया में हजारों की संख्या में लोगों की जान ले ली है, तो वहीं लाखों की संख्या में लोग इससे संक्रमित है। वहीं भारत में बढ़ते कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए फिलहाल 21 दिन का लॉकडाउन चल रहा है। लॉकडाउन के चलते व्यापार पूरी तरह से ठप पड़ा है। लगातार बढ रहें कोरोना के असर से दुनियाभर के सभी देश परेशान है। हर कोई देश इस वायरस से बचने के उपाय खोज रहा है।
बता दे, अब इस महामारी का असर खाना डिलीवर करने वाली कंपनियों पर भी दिखने लगा है, जहां पिछले 10 दिनों में जोमैटो और स्विगी जैसी ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनियों के व्यापार में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
दरअसल, पिछले 10 दिनों में जोमैटो और स्विगी को मिलने वाले ऑन-लाइन ऑर्डर में 70 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं लॉकडाउन से पहले इन कंपनियों को रोज 25 लाख ऑर्डर मिलते थे। लेकिन अब इन ऑनलाइन ऑर्डर्स में 70 फीसदी की गिरावट आ गई है। लॉकडाउन के चलते लोगों ने ऑनलाइन फूड ऑर्डर करना कम कर दिया है।
इसको लेकर डिलीवर करने वाली स्विगी कंपनी का कहना है कि, मौजूदा समय में 60 से 70 फीसदी शहरों में फूड डिलीवरी का काम बंद है। इनमें वडोदरा, गुवाहाटी, विशाखापट्टनम, इंदौर समेत कई अन्य शहर शामिल हैं। इससे पहले कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए सरकार और प्रशासन ने सभी रेस्टोरेंट को बंद करने के निर्देश दे दिए थे।