1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. तेजी से फैल रहा अवैध कोयले का कारोबार, कार्रवाई के बावजूद भी जारी कोयले की सप्लाई

तेजी से फैल रहा अवैध कोयले का कारोबार, कार्रवाई के बावजूद भी जारी कोयले की सप्लाई

कई रेलवे स्टेशनों पर कोयले की चोरी कर उसका अवैध भंडारण और व्यापार किया जा रहा है। यह पूरा नेटवर्क अब संगठित रूप लेता नजर आ रहा है।

By: Naredra 
Updated:
तेजी से फैल रहा अवैध कोयले का कारोबार, कार्रवाई के बावजूद भी जारी कोयले की सप्लाई

कटनीः जिले में अवैध कोयला कारोबार तेजी से फैलता जा रहा है, जिससे शासन को भारी राजस्व हानि हो रही है। जानकारी के अनुसार, कटनी रीठी, न्यू कटनी जंक्शन, बरही सहित जिले के कई रेलवे स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों से कोयले की चोरी कर उसका अवैध भंडारण और व्यापार किया जा रहा है। यह पूरा नेटवर्क अब संगठित रूप लेता दिखाई दे रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, रेलवे स्टेशनों के आसपास गिरे हुए कोयले को मजदूरों से झाड़ू लगवाकर एकत्र कराया जाता है। इसके बाद इस कोयले को ट्रैक्टर, छोटे वाहनों या अन्य साधनों से गुप्त स्थानों तक पहुंचाया जाता है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कई जगहों पर छोटे-छोटे गोदाम बनाकर कोयले का अवैध भंडारण किया जा रहा है। बिना किसी वैध दस्तावेज के इस कोयले की लगातार सप्लाई की जा रही है।

बताया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में शामिल लोग कोयले को ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे हैं। इस पूरे नेटवर्क के चलते शासन को लाखों नहीं बल्कि करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

पूर्व में जीएसटी विभाग और संबंधित अधिकारियों द्वारा इस अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद इस पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग सका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले में सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि अवैध भंडारण और कोयला चोरी पर रोक लगाई जा सके और राजस्व की हो रही क्षति को बचाया जा सके।

कटनी से संवाददाता सत्येंद्र गौतम की रिपोर्ट

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...