विदिशाः जनपद के संविदा और प्राथमिक शिक्षकों ने TET (शिक्षक पात्रता परीक्षा) के आयोजन और अन्य विभागीय मांगों को लेकर उग्र प्रदर्शन किया। नीमताल चौराहे पर एकत्रित हुए सैकड़ों शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद शिक्षकों ने रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
‘शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने वाला निर्णय’
शिक्षकों का कहना है कि 10-15 वर्षों से निरंतर सेवा देने के बाद अब दोबारा परीक्षा थोपना उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच नए सिरे से तैयारी करना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। शिक्षकों ने कहा कि यह निर्णय शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने वाला है। शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि अगर यह आदेश वापस नहीं लिया गया, तो प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
विदिशा से संवाददाता विनोद सूर्यवंशी की रिपोर्ट