बालाघाट। अंतर्राष्ट्रीय संत बौद्धिक मंच के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सनातनी अखाड़ा के संस्थापक संयोजक स्वामी स्वदेशानंद ब्रह्म गिरि महाराज ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के भटकाव में न आएं और अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने कहा कि छात्र देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनका मार्ग सही दिशा में होना चाहिए।
स्वामी स्वदेशानंद ब्रह्म गिरि महाराज ने प्रधानमंत्री निवास के घेराव के प्रयास को लेकर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने छात्रों के नाम का इस्तेमाल कर माहौल खराब करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि किसी भी आंदोलन का उद्देश्य छात्रों के हितों और उनकी समस्याओं पर चर्चा करना होना चाहिए, न कि हिंसा, तोड़फोड़ या अशांति फैलाना।
स्वामी स्वदेशानंद ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों के मुद्दों से जुड़े विषयों पर चर्चा नहीं की गई, बल्कि नारेबाजी और अराजक गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया। उन्होंने कहा कि देश की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं है, क्योंकि यह नुकसान अंततः देश के नागरिकों का ही होता है।

स्वामी स्वदेशानंद ब्रह्म गिरि महाराज ने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी के बहकावे में आकर ऐसा कोई कदम न उठाएं जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के हितों और उनके भविष्य को लेकर गंभीर है। युवाओं को अपने विवेक से निर्णय लेना चाहिए और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
स्वामी स्वदेशानंद ब्रह्म गिरि महाराज ने केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय से मांग की कि प्रधानमंत्री निवास पर जबरन प्रवेश का प्रयास करने वाले और अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश के विकास की आधारशिला है। छात्रों को शिक्षा, कौशल और राष्ट्र निर्माण के कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से शांति, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।