पन्ना, 20 अगस्त 2026। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से पन्ना जिले में सामाजिक समरसता संकल्प अभियान शुरू किया गया। अभियान के तहत जिले के 19 मंडलों के अध्यक्षों को कलश सौंपे गए। कार्यक्रम में विधायक राजेश वर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से संत रविदास के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रदेश स्तरीय समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ भोपाल के रविंद्र भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में हुआ। पन्ना भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा ने इस कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के कलश का विधिवत पूजन किया और उसे पन्ना जिले के लिए रवाना किया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत संत रविदास मंदिर और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न मंडल अध्यक्षों को कलश सौंपे गए। कार्यकर्ताओं ने जिले में प्रस्तावित कलश यात्राओं को व्यापक और सफल बनाने का संकल्प लिया।
विधायक राजेश वर्मा ने कहा कि संत रविदास महान संत और समाज सुधारक होने के साथ भक्ति आंदोलन की महत्वपूर्ण आवाज थे। उन्होंने सामाजिक भेदभाव, जातिगत ऊंच-नीच और असमानता के खिलाफ संदेश देते हुए प्रेम, भाईचारे और समानता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देते हैं। विधायक ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि कलश यात्राओं के जरिए संत रविदास के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा ने कहा कि संत रविदास का जीवन मानवता, समानता और श्रम की गरिमा का संदेश देता है। उन्होंने संत रविदास की ‘बेगमपुरा’ की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका आदर्श ऐसा समाज था, जहां भेदभाव और असमानता के लिए कोई स्थान न हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कलश यात्राओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और समाज के सभी वर्गों को अभियान से जोड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के बाद विधायक राजेश वर्मा ने कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संत रविदास समरसता संकल्प यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं के माध्यम से संत रविदास के जीवन, दर्शन और सामाजिक समरसता के संदेश को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम की रूपरेखा जिला स्तरीय टोली के संयोजक भास्कर पांडे ने प्रस्तुत की। वहीं शैलेंद्र राजपूत ने संत रविदास के जीवन और सामाजिक योगदान पर अपने विचार रखे।