मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में लालघाटी थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वर्ष 2020 में चरित्र को लेकर शक के चलते अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी थी और वारदात के बाद से फरार चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ललित पंचोली ने शाजापुर के विजय नगर क्षेत्र स्थित किराए के मकान में अपनी पत्नी पूजा पर हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने फरारी के दौरान अपने पुराने मोबाइल नंबर बंद कर दिए थे और रिश्तेदारों व परिचितों से संपर्क भी खत्म कर लिया था। इसके चलते उसकी लोकेशन का पता लगाना चुनौतीपूर्ण बना हुआ था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ओडिशा, छत्तीसगढ़ होते हुए तमिलनाडु में अपना ठिकाना बनाया और वहां निजी काम करके जीवनयापन कर रहा था।

शाजापुर पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने बताया कि मुखबिर तंत्र और साइबर टीम से मिले विशेष इनपुट के आधार पर आरोपी की लोकेशन तमिलनाडु में मिली। इसके बाद लालघाटी थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए तमिलनाडु के कांचीपुरम से ललित पंचोली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले छह वर्षों से गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग जगहों पर छिपा हुआ था। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली है। अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।