दुनिया में लगातार तेजी से बढ रहें कोरोना वायरस के चलते सभी देशों के बाजारों पर इसका असर देखने को मिल रहा है। वहीं भारत में भी लगातार इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है।
इसके चलते भारत के बाजार में भी गिरावट देखी जा रही है। बता दे, बुधवार को शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 1203.18 अंक यानी 4.08 फीसदी की गिरावट के साथ 28265.31 के स्तर पर बंद हुआ था। तो वहीं निफ्टी 343.95 अंक यानी 4.00 फीसदी की गिरावट के साथ 8253.80 के स्तर पर बंद हुआ था।
वहीं अब सेंसेक्स 655.44 अंक लुढ़ककर 27609.87 के स्तर पर है। तो निफ्टी 172 अंक यानी 2.08 फीसदी गिरकर 8081.80 के स्तर पर है। जिसके चलते सेंसेक्स-निफ्टी फिर लाल निशान पर चले गए। इससे पहले संसेक्स सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सपाट स्तर पर खुला।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 91.55 अंक यानी 0.32 फीसदी की बढ़त के साथ 28356.86 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 26.70 अंक यानी 0.32 फीसदी की गिरावट के साथ 8227.10 के स्तर पर खुला।
बता दे, शुक्रवार को भारतीय रुपया शुरुआती कारोबार के दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 48 पैसे टूटकर 76.08 रुपए के स्तर पर पहुंच गया। कारोबारियों की माने तो कोरोना वायरस के कारण आर्थिक मंदी की बढ़ती आशंकाओं के चलते रुपए में गिरावट आई।