सीहोर । रेहटी वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध सागौन लकड़ी ले जा रहे एक आरोपी को पकड़ लिया। संदिग्ध वाहन को रोकने की कोशिश के दौरान चालक बायां नाका तोड़कर फरार हो गया था। वन अमले ने पीछा करते हुए आंवली घाट पुल के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
वन विभाग की टीम ने बायां नाके पर वाहन क्रमांक MP 05 LA 1593 को संदिग्ध मानते हुए रोकने का प्रयास किया। हालांकि चालक ने वाहन रोकने के बजाय नाका तोड़ दिया और तेज गति से भागने लगा। इसके बाद वन अमले ने तत्काल वाहन का पीछा शुरू किया और आसपास के मार्गों पर घेराबंदी की।
वन विभाग की टीम ने पीछा करते हुए आंवली घाट पुल के पास वाहन को रोक लिया। घेराबंदी के बाद चालक को हिरासत में लेकर वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 10 नग अवैध सागौन इमारती लकड़ी बरामद हुई।
वन विभाग के अनुसार जब्त सागौन लकड़ी और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये है। पकड़े गए आरोपी की पहचान भूपेंद्र कुमार बरेले, निवासी रसुलिया, नर्मदापुरम के रूप में हुई है।
कार्रवाई में बीट गार्ड नवीन कुमार सिंह के साथ सुरक्षा श्रमिक मंगल सिंह, महेश किर, शेरनी सिंह और भगवान सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम की तत्परता के चलते संदिग्ध वाहन को समय रहते पकड़ लिया गया।
वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में जब्त लकड़ी और वाहन को विभागीय अभिरक्षा में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।