उज्जैनः विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में रोजाना लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अब सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में महाकाल लोक में सुरक्षाकर्मियों को फायर सेफ्टी की खास ट्रेनिंग दी गई।
महाकालेश्वर मंदिर परिसर स्थित महाकाल लोक में सुरक्षाकर्मियों के लिए विशेष फायर सेफ्टी ट्रेनिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान एसडीईआरएफ टीम ने सुरक्षाकर्मियों को फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग, आपातकालीन प्रतिक्रिया और आग से बचाव के व्यावहारिक तरीके सिखाए। प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि अलग-अलग प्रकार की आग लगने की स्थिति में कैसे तुरंत और सुरक्षित तरीके से प्रतिक्रिया दी जाए, ताकि किसी भी बड़े हादसे को रोका जा सके।
हाल ही में महाकाल लोक के पास बेगमबाग क्षेत्र में आग लगने की घटना के बाद से मंदिर परिसर में खासकर भारी लाइटिंग सिस्टम को ध्यान में रखते हुए शॉर्ट सर्किट जैसी संभावनाओं पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। सुरक्षाकर्मियों को फायर एक्सटिंग्विशर के रखरखाव, नियमित जांच और समय पर उपयोग की बारीकियां भी सिखाई गईं, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।
इस प्रशिक्षण में एसडीईआरएफ प्रभारी पुष्पेंद्र त्यागी और उनकी टीम के साथ मंदिर सुरक्षा अधिकारी, सुरक्षा प्रभारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट