भोपालः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज शाम को छिंदवाड़ा-नागपुर रोड पर हुई सड़क दुर्घटना हृदय विदारक बताया है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्ति की हैं। परमपिता परमात्मा से प्रार्थना की है कि सभी दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मृतकों के निकटम परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। सभी घायलों का इलाज निःशुल्क किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना की है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को घायलों के इलाज के लिए उचित व्यवस्था करने और जबलपुर से डॉक्टर्स के दल छिंदवाड़ा और नागपुर भेजने के निर्देश दिए हैं। छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह को भी अपने कार्यक्रम परिवर्तित कर छिंदवाड़ा पहुँचने के लिए निर्देशित किया है।
सीएम डॉ. यादव ने बताया कि भोपाल के स्वास्थ्य विभाग में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहाँ से सभी घायलों के उपचार की सतत् मॉनिटरिंग की जा रही है।