बालाघाटः विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर बालाघाट जिले के परसवाड़ा में जैन समाज द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम सुबह सवा आठ बजे प्रारंभ हुआ जो नौ बजकर पैंतीस मिनट तक चला कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, गायत्री परिवार, व्यापारी गण, पत्रकार सहित सर्व समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए।
विमल जैन ने बताया कि आज पूरे विश्व में सामूहिक रूप से नवकार महामंत्र का जाप किया गया है, उन्होंने कहा कि नवकार मंत्र पूर्णतः निराकार, निरपेक्ष और सार्वभौमिक प्रार्थना है, जिसमें काल, जाति, क्षेत्र या धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होता। परसवाड़ा में जैन समाज द्वारा जैन भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया जहां सर्व समाज के लोग शामिल होकर एक साथ सामूहिक नवकार महामंत्र का जाप करके विश्व शांति, अहिंसा और सकारात्मकता का संदेश दिए।
वहीं कार्यक्रम में शामिल गायत्री परिवार के सीएस चौधरी ने कार्यक्रम आयोजन के लिए सकल जैन समाज का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि मंत्र मानव जीवन को उच्च दिशा प्रदान करते हैं, हमारे चैतन्य को जागृत करते हैं। उन्होंने कहा कि जब लोग श्रद्धापूर्वक एक ही मंत्र का सामूहिक जाप करते हैं, तो कल्याण ही होता है। समस्त मानवता के कल्याण के लिए मंत्रों का जाप करते रहना चाहिए।
बालाघाट से संवाददाता विशाल महानंद की रिपोर्ट