खंडवाः विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर शुक्रवार को शहर के घंटाघर चौक में पर्यावरण संरक्षण और पक्षियों के बचाव को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गौरैया जैसे लुप्तप्राय पक्षियों के संरक्षण के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में शहर के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई थी। आयोजन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि गौरैया की लगातार घटती संख्या चिंता का विषय है और इसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई और लोगों को अपने घरों में गौरैया के लिए सुरक्षित स्थान बनाने, दाना-पानी की व्यवस्था करने तथा पेड़-पौधों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर निशुल्क रूप से गौरैया के लिए घोंसले (घर) भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती किरण पटोले रहीं, जबकि अध्यक्षता अधिवक्ता प्रणय गुप्ता ने की। विशेष अतिथि के रूप में गणेश भावसार और राहुल मेहता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विष्णु अग्रवाल, पट्टू भैया, नंदकिशोर मिश्रा, देवेंद्र जैन, अंजली शिंदे, रंजना सोनी, कनक वर्मा, रानी वर्मा, नेहा वर्मा, नमिता काले सहित शहर के अनेक प्रबुद्ध नागरिकों ने सहभागिता कर अभियान को सफल बनाया।
आयोजकों ने नागरिकों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़कर गौरैया सहित अन्य पक्षियों के संरक्षण में अपनी भूमिका निभाएं।