शाजापुर: मध्यप्रदेश सरकार के बजट को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के सर्वांगीण विकास का रोडमैप बताया जा रहा है। जिला मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार और भाजपा जिला अध्यक्ष रवी पांडे ने बजट की मुख्य विशेषताओं पर विस्तार से चर्चा की।
मंत्री परमार ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गरीब, युवा, किसान और नारी शक्ति सशक्तिकरण के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला है। उन्होंने बताया कि बजट में प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने, पूंजीगत व्यय में वृद्धि और आधारभूत संरचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। इन कदमों से मध्यप्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए गए हैं।
किसानों के लिए बजट में कई बड़े प्रावधान शामिल हैं। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए नदी जोड़ो परियोजनाएं, नहर विस्तार और नई योजनाओं पर जोर दिया गया है, जिससे लाखों किसानों को लाभ मिलेगा। साथ ही फसल बीमा योजना के लिए पर्याप्त राशि निर्धारित की गई है। किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्राप्त करेंगे।
ग्रामीण विकास और मूलभूत संरचना को मजबूत करने के लिए सड़क निर्माण, बिजली आपूर्ति सुदृढ़ीकरण और पेयजल योजनाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए भी बड़े बजट प्रावधान किए गए हैं, ताकि जिला और ग्रामीण स्तर पर चिकित्सा सुविधाएं मजबूत हो सकें।
इस अवसर पर मंत्री परमार ने कहा कि बजट प्रदेश के हर वर्ग के हित को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। यह युवाओं, किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ-साथ आर्थिक विकास और सामाजिक कल्याण का संतुलित पैकेज है।