डीजल और पेट्रोल के दामों में लगातार सोमवार को पांचवे दिन भी गिरवाट दर्ज की गई। रविवार के मुकाबले सोमवार को ग्राहकों को एक लीटर डीजल के लिए कम पैसे चुकाने होंगे। कोरोना वायरस के चलते इस समय क्रूड ऑयल के दाम एक साल से भी अधिक ने न्यूनतम स्तर पर चल रहे हैं। इसका सीधा असर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में देखने को मिल रहा है।
सोमवार को दिल्ली कोलकाता और मुंबई में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 22 पैसे कम हुई है, वहीं चेन्नई में एक लीटर पेट्रोल 16 पैसे कम हुआ है, जिसके बाद यह क्रमश: 71.49, 74.16, 77.18 और 74.35 रुपए है। दिल्ली में पेट्रोल का भाव पिछले छह महीनों के न्यूनतम स्तर पर है।
वहीं डीजल की बात करें, तो दिल्ली और कोलकाता में एक लीटर डीजल 20 पैसे कम हुआ है, मुंबई में 21 पैसे और चेन्नई में एक लीटर डीजल के लिए आज ग्राहकों को 15 पैसे कम चुकाने होंगे। इसके बाद इसका क्रमश: 64.10, 66.43, 67.13 और 67.71 रुपए प्रति लीटर हो गया है। दिल्ली में डीजल का दाम आठ महीनों में सबसे कम है।
बताते चले कि, प्रति दिन सुबह छह बजे पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है। सुबह छह बजे से ही नई दरें लागू हो जाती हैं। पेट्रोल व डीजल के दाम में कीमत में एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और अन्य चीजें जोड़ने के बाद इसका दाम लगभग दोगुना हो जाता है।