1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. दो हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त की टीम ने की कार्रवाई

दो हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त की टीम ने की कार्रवाई

पीड़ित किसान ने पटवारी के घर पहुंचकर रिश्वत के 2 हजार रुपए दिए वैसे ही लोकायुक्त टीम ने पटवारी देवेंद्र जैन को मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया।

By: Naredra 
Updated:
दो हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त की टीम ने की कार्रवाई

शिवपुरीः पोहरी तहसील के पटवारी को लोकायुक्त टीम ने दो हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी (आर आई) देवेंद्र जैन किसान से नक्शा सुधार के नाम पर रिश्वत मांग रहा था, जिसकी शिकायत के बाद आज लोकायुक्त टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से कार्यवाही की गई।

जानकारी के अनुसार, पोहरी तहसील के मचाकला गांव निवासी किसान ब्रखभान धाकड़ ने ग्वालियर लोकायुक्त ऑफिस में शिकायत की थी। फरियादी किसान का आरोप था कि उसकी जमीन के नक्शे में गड़बड़ी हो गई थी, जिसे ठीक कराने के लिए उसने एसडीएम कार्यालय पोहरी में आवेदन किया था।

जिसके बाद पटवारी देवेंद्र जैन ने नक्शा सुधार के लिए 5 हजार रुपए की रिश्वत की मांगी की जिसके बाद यह सौदा 4 हजार रुपए में तय हुआ, जिसमें से किसान ब्रखभान धाकड़ ने 2 हजार रुपये पटवारी को पहले ही दे दिए। इसके बावजूद, अधिकारी ने काम नहीं किया।

जिसके बाद परेशान किसान ने लोकायुक्त में शिकायत की। 24 मार्च को जब आरोपी ने दोबारा रिश्वत की मांग की, तो किसान ने बातचीत रिकॉर्ड कर ली और उसे लोकायुक्त टीम को सौंप दिया। इसके बाद लोकायुक्त टीम द्वारा जाल बिछाया।

आज जैसे ही किसान ने पटवारी के घर पहुंचकर रिश्वत के 2 हजार रुपए दिए वैसे ही लोकायुक्त टीम ने पटवारी देवेंद्र जैन को मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर  कार्यवाही की जा रही है।

शिवपुरी से संवाददाता कुलदीप गुप्ता की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...