बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों ने अच्छी तेजी के साथ सत्र का आगाज किया. रिलायंस और आईटी शेयरों में खरीदारी ने बाजार में जोश भर दिया, पूरी दुनिया की नजरें अमेरिका में राष्ट्रपति चुवानों के मतदान की गिनती पर हैं. जैसे-जैसे अमेरिका में चुनावों की स्थिति साफ होगी, वैसे-वैसे बाजार की अस्थिरता कम होती नजर आएगी. हालांकि, अभी तक की तस्वीर अभी तक साफ नहीं है, जिससे बाजार में टेंशन नजर आ सकती है.
सुबह 9.30 बजे, बीएसई सेंसेक्स 273 अंक या 0.68 फीसदी की छलांग लगाकर 40,564 के स्तर पर कारोबार करते हुए रिकॉर्ड किया गया. वहीं, निफ्टी 50 इंडेक्स भी 71 अंक या 0.60 फीसदी की तेजी के साथ 11,884 के स्तर पर कारोबार करते हुए नजर आया.
मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में भरपूर हरियाली नजर आई. डाव जोन्स ने 2.06 फीसदी तक की तेजी दिखाई, जबकि एसएंडपी 500 इंडेक्स 1.78 फीसदी तक मजबूत हुआ. नेस्डेक कंपोजिट ने 1.85 फीसदी की बढ़त के साथ सत्र का अंत किया.
बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी आधा-आधा फीसदी तक मजबूत हुए. बीएसई पर आईटी और टेक इंडेक्स ने तीन-तीन फीसदी तक की छलांग लगाई. बीएसई बैंकेक्स, रियल्टी, वित्त, टेलिकॉम, मेटल और पावर इंडेक्स लाल निशान में नजर आए.
बीएसई सेंसेक्स पर सन फार्मा के शेयर 4.04 फीसदी की छलांग लगाकर 504.70 रुपये के हो गए. इंफोसिस के शेयर 3.88 फीसदी की बढ़त के साथ 1,103.15 रुपये तक पहुंचे. टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर क्रमश: 2.61 फीसदी, 2.24 फीसदी और 2.13 फीसदी तक चढ़े.
दूसरी तरफ, आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 1.95 फीसदी की कमजोरी के साथ 435.25 रुपये तक फिसले. पावर ग्रिड के शेयर 1.56 फीसदी लुढ़क कर 177.25 रुपये के हो गए. एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल और एचडीएफसी के शेयर क्रमश: 1.06 फीसदी,1.04 फीसदी और 0.94 फीसदी तक टूटे.
जापान के इतर एशिया पेसेफिक के बाजार 0.6 फीसदी तक फिसले, जबकि जापान का निक्केई 1.4 फीसदी तक जमबूत हुआ. साथ ही आज बाजार की नजर आईएचएस मार्किट के सेवा से जुड़े आंकड़े पेश होंगे.
आज सितंबर तिमाही में अडानी एंटरप्राइसेज, अडानी ग्रीन एनर्जी, गरवारे फाइबर्स, जुबिलंट लाइफ साइंसेज, ल्यूपिन, पिडिलाइट इंडस्ट्रीज और भारतीय स्टेट बैंक अपने सितंबर तिमाही के नतीजे पेश करने वाली हैं. मंगलवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में खुलकर खरीदारी की. बीते सत्र के दौरान उन्होंने कैश मार्केट में नेट 2274.4 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने शुद्ध रूप से 1100.92 करोड़ रुपये की बिकवाली की.