1. हिन्दी समाचार
  2. बिज़नेस
  3. मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों ने जबरदस्त तेजी के साथ सत्र का आगाज किया

मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों ने जबरदस्त तेजी के साथ सत्र का आगाज किया

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों ने जबरदस्त तेजी के साथ सत्र का आगाज किया

मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों ने जबरदस्त तेजी के साथ सत्र का आगाज किया. मॉडर्ना की कोरोना वैक्सीन पर आए अच्छे नतीजों ने बाजार का जोश बढ़ा दिया. कंपनी के अनुसार, यह टीका 94.5 फीसदी सफल रहा है. एक ही सप्ताह में यह दूसरी वैक्सीन है, जिसने उम्मीद से बेहतर नतीजे पेश किए हैं. साथ ही भारत बायोटेक की घरेलू वैक्सीन का भी तीसरे फेज का ट्रायल शुरू हो चुका है. इससे देश और दुनिया में नए सिरे से लगने वाले लॉकडाउन में राहत मिली है.

सुबह 9.30 बजे, बीएसई सेंसेक्स 330 अंक या 0.76 फीसदी की बढ़त के साथ 43,968 के स्तर पर कारोबार करते हुए नजर आया. वहीं, निफ्टी 50 इंडेक्स भी 74 अंक या 0.58 फीसदी तक की तेजी के साथ 12,854 के स्तर पर रिकॉर्ड किया गया. इससे पहले बीएसई सेंसेक्स ने पहली दफा 44,000 का स्तर पार किया.

सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में अच्छी खासी खरीदारी देखने को मिली. डाव जोन्स ने 1.60 फीसदी तक की छलांग लगाई, जबकि एसएंडपी 500 इंडेक्स ने 1.16 फीसदी तक मजबूती नजर आई. नेस्डेक कंपोजिट ने 0.80 फीसदी तक बढ़त के साथ सत्र का अंत किया.

बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स आधा फीसदी तक मजबूत हुए. बीएसई पर सिर्फ हेल्थेकयर, एफएमसीजी, आईटी और टेक इंडेक्स लाल निशान में नजर आए. मेटल और टेलिकॉम इंडेक्स ने ढाई फीसदी तक की छलांग लगाई. कैपिटल, गुड्स, पावर और इंडस्ट्रीयल इंडेक्स सवा से डेढ़ फीसदी तक मजबूत हुए.

बीएसई सेंसेक्स पर टाटा स्टील के शेयर 5.64 फीसदी की छलांग लगाकर 519.85 रुपये के स्तर पर रिकॉर्ड किया गया. भारती एयरटेल के शेयर 2.42 फीसदी चढ़कर 493.05 रुपये के हो गए. भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और इंडइंड बैंक के शेयर क्रमश: 2.40 फीसदी, 2.10 फीसदी और 2.10 फीसदी चढ़े.

दूसरी तरफ, एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर 1.34 फीसदी लुढ़क कर 819.65 रुपये के हो गए. इंफोसिस के शेयर 1.01 फीसदी की गिरावट के साथ 1,122 रुपये तक फिसले. बजाज ऑटो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और टेक महिंद्रा के शेयर क्रमश: 0.80 फीसदी. 0.69 फीसदी और 0.44 फीसदी तक टूटे.

एशियाई बाजारों में सतर्कता नजर आई. जापान के इतर एशिया-पेसेफिक बाजार 0.11 फीसदी तक बढ़े. जापान के निक्केई ने 0.2 फीसदी तक फिसले, जबकि ऑस्ट्रेलियाई बाजारों ने 0.25 फीसदी तक की तेजी दिखाई. हांगकांग ने 0.1 फीसदी की बढ़त हासिल की.

दिवाली के मौके पर 14 नवंबर यानी शनिवार को घरेलू शेयर बाजार में खास मुहूर्त कारोबार का आयोजन किया गया. इस दौरान विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने नेट 78.53 करोड़ रुपये की बिकवाली की. घरेलू संस्थागत निवेशकों ने भी शुद्ध 20.27 करोड़ रुपये के शेयर बेचे.

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...