1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. नगर पालिका पर दूषित पानी को शुद्ध बताने का आरोप, जन सुनवाई कैंपों में लोगों को किया गुमराह- जाधव

नगर पालिका पर दूषित पानी को शुद्ध बताने का आरोप, जन सुनवाई कैंपों में लोगों को किया गुमराह- जाधव

नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष का कहना है कि नगर पालिका सिर्फ दिखावे के लिए ये कैंप लगा रही है और लोगों को गुमराह कर रही है।

By: Naredra 
Updated:
नगर पालिका पर दूषित पानी को शुद्ध बताने का आरोप, जन सुनवाई कैंपों में लोगों को किया गुमराह- जाधव

बड़वानीः नगर पालिका के वार्डों में लगाए जा रहे ‘जल सुनवाई’ कैंपों पर पार्षदों ने ही सवाल खड़े कर दिए हैं। नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने आरोप लगाया है कि इन कैंपों में गंदे और बदबूदार पानी को भी ‘शुद्ध’ बताकर जनता को धोखा दिया जा रहा है।

राकेश सिंह जाधव ने बताया कि वार्ड 12 और 13 के कैंप में वे खुद वार्ड 17 (स्नेह नगर) से सीवरेज मिला हुआ गंदा पानी लेकर पहुंचे थे। इस पानी से तेज बदबू आ रही थी, लेकिन जांच के बाद वहां मौजूद टीम ने इसे ‘शुद्ध’ करार दे दिया।

उन्होंने कहा कि जब इतना गंदा पानी शुद्ध है, तो फिर असली शुद्ध पानी कैसा होता है, यह नगर पालिका को बताना चाहिए। जाधव के मुताबिक, वार्ड 13 के एक निवासी राजू भाई गोले भी अपने घर के पानी का सैंपल लाए थे। उनके पानी को शुद्ध बताने के बाद जब जाधव का लाया हुआ बदबूदार पानी चेक किया गया, तो उसे और भी ज्यादा शुद्ध बता दिया गया।

नेता प्रतिपक्ष का कहना है कि नगर पालिका सिर्फ दिखावे के लिए ये कैंप लगा रही है और लोगों को गुमराह कर रही है। जाधव ने चेतावनी दी है कि वे इस गंदे पानी का सैंपल लेकर नगर पालिका सीएमओ के पास जाएंगे और उनसे खुद इसे पीकर इसकी शुद्धता साबित करने को कहेंगे।

बड़वानी से संवाददाता लोकेश दावदे की रिपोर्ट

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...